Chitrakoot News: सड़क किनारे लगने वाली सब्जी मंडी हटेगी ; : छात्रों ने जीआरपी पर लगाया मारपीट का आरोप

sabzi mandi vegetable market
Photo Credit Rakesh Pandey

राजापुर। नगर पंचायत राजापुर में अतिक्रमण हटाने और पॉलीथीन का उपयोग करने वालों पर कार्रवाई के लिए बैठक हुई। इसमें सड़क किनारे लगाई जा रही सब्जी मंडी को नवीन सब्जी मंडी में लगवाने का निर्णय लिया।

अधिशासी अधिकारी बीएन कुशवहा ने बताया कि राजापुर कस्बे में कई साल से सड़क किनारे सब्जी मंडी लग रही है। यदि दुकानें इस स्थान से नहीं हटाई गईं तो जुर्माना लगाया जाएगा। बताया कि पॉलीथीन और थर्माकोल बेचने पर लगभग 14 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया है। नगर पंचायत के अध्यक्ष संजीव मिश्रा ने कहा कि नगर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए सभी सहयोग करें। पॉलीथिन का उपयोग न करें। नगर का विकास कराया जा रहा है। जिसमें तुलसी कुटीर के सुंदरीकरण के साथ सड़क भी बनवाई जाएगी।

थानाध्यक्ष राजापुर मनोज सिंह ने कहा कि निर्धारित सीमा के अंदर ही दुकानें व्यापारी लगाएं। उद्योग व्यापार मंडल नगर इकाई के अध्यक्ष अनिल गुप्ता, सुभाष चंद्र अग्रवाल, शिवपूजन गुप्ता, सुनील मिश्रा, सतीश मिश्रा, शंकर दयाल, चमन लाल, राकेश, पापुलर सोनकर व अशोक सोनकर भी मौजूद रहे।

Chitrakoot News: छात्रों ने जीआरपी पर लगाया मारपीट का आरोप, सीओ करेंगे जांच

चित्रकूट। रेलवे स्टेशन पर तीन छात्रों को पकड़कर जीआरपी सिपाहियों ने मारपीट की। परिजनों ने इस मामले को लेकर कर्वी कोतवाली में तहरीर दी है। जीआरपी थाना प्रभारी ने मारपीट के मामले से इंकार किया है।मामले की जांच सीओ रेलवे को दी गई है।

चित्रकूट के छीर का पुरवा नयागांव (मप्र) निवासी ओमनारायण कामतन में कक्षा नौ का छात्र है। परिजनों ने बताया कि रविवार को क्रिकेट खेलकर ओम घर पहुंचा तो पढ़ाई को लेकर नाराज मां ममता देवी ने उसे पीट दिया। इससे नाराज होकर वह घर से बिना बताए चला आया था। यहां वह चित्रकूट धाम कर्वी रेलवे स्टेशन में बैठा था। इस दौरान उसे जीआरपी के सिपाही थाने ले गए। इसके बाद वहां ढूंढने पहुंचे ओमनारायण के चचेरे भाई ग्रामोदय विश्वविद्यालय में बीए का छात्र ओमप्रकाश और चित्रकूट इंटर काॅलेज में कक्षा 11 में पढऩे वाला धनराज जीआरपी थाने में जानकारी करने लगे।

इस दौरान छात्रों की जीआरपी सिपाही से नोकझोंक हो गई। छात्रों ने आरोप लगाया कि वहां मौजूद सिपाहियों ने उन्हें बेरहमी से पीटा। परिजनों के आने के बाद सोमवार को सभी लोग कर्वी कोतवाली पहुंचे और पूरे प्रकरण की जानकारी दी। इस संबंध में कोतवाल अजीत पांडेय ने बताया कि मामला जीआरपी के अंतर्गत आता है। छात्रों को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा गया है।

इस संबंध में जीआरपी थाना प्रभारी त्रिपुरेश कौशिक ने बताया कि रेलवे स्टेशन में बिना टिकट घूम रहे तीनों छात्रों से पूछताछ की गई थी। मोबाइल लिए घूमने के कारण उनसे थाने में पूछताछ की गई। इसके बाद परिजनों को बुलाकर तीनों को सकुशल सुपुर्द कर दिया गया था। थाना प्रभारी ने बताया कि छात्रों के परिजनों ने कई बार लिखित समझौता किया इसके बाद वह आरोप लगा रहे हैं। फिलहाल तहरीर के आधार पर सीओ रेलवे जांच कर रहे हैं।

Rakesh Tikait: चित्रकूट पहुंचे भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष, सरकार को आड़े हाथों लिया, जानें क्या कहा

भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश टिकैत मंडलीय किसान सम्मेलन में शामिल होने के लिए बांदा से पहले चित्रकूट पहुंचे। उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल की मूर्ति पर माल्यार्पण करने के बाद सरकार को आडे़ हाथों लिया। कहा कि देशभर में भूमि अधिग्रहण बहुत तेजी से हो रहा है। केंद्र व प्रदेश की सरकारी कम रेट पर उद्योगपतियों को कीमती भूमि दिला रही है। महंगाई बढ़ गई है, लेकिन सर्किल रेट नहीं बढ़ा है।

कम रेट पर किसानों और अन्य लोगों की जमीन खरीदी जा रही है। एमएसपी गारंटी कानून न बनने से किसानों को उपज का लाभ नहीं मिल पा रहा है। सरकार ने कई बार वादा किया, लेकिन उसे कानून नहीं बनाया है। इसलिए किसान की फसल सस्ते में बिक रही है। सरकार कर्ज बढ़ा रही है, फसलों का सही दाम नहीं दे रही है। बुंदेलखंड राज्य बनाने की पैरवी भी की।

उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड में खनिज संपदा सबसे ज्यादा है, लेकिन स्थानीय लोग गरीब हैं। यहां की खनिज संपदा बाहर के लोग ले जाकर उसका उपयोग कर रहे हैं। बुंदेलखंड को एक कॉरिडोर बनाया जा सकता है। इसका लाभ स्थानीय जनता को मिलेगा। इसके लिए एक आंदोलन चलाने की जरूरत है। उन्होंने केंद्र सरकार और भाजपा शासित राज्यों की सरकारों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि सभी सरकारी बेलगाम है।

सरकारी मनमानी को रोकने के लिए आंदोलन की जरूरत

इनको रोकने के लिए बड़े आंदोलन की जरूरत है, बिना आंदोलन यह सरकार मनमानी करने से नहीं मानेगी। यह देश इस समय विदेशी संस्कृति से चल रहा है। देश को वर्तमान राजनीतिक सिस्टम नहीं बचा सकता है। इसके लिए आंदोलन की ही जरूरत है। उन्होंने सिपाहियों की हाल ही में घोषित की गई भर्तियों में अभ्यर्थियों की उम्र एक साल घटा देने पर युवाओं के साथ अन्याय बताया है।

किसान को तंग करना सरकार की मंशा

इसे राजनीतिक भर्ती का नाम दिया जा रहा है, अग्नि वीर भर्ती को भी उन्होंने युवाओं के लिए अनुपयोगी बताया है। उन्होंने विलेज पॉलिसी अपनाने की सलाह दी है। किसान को तंग करने की ही सरकार की मंशा है। जिस देश का राजा यह चाहता हो कि जनता गरीब रहे, तो वहां का किसान और आम जनता कैसे खुश रह सकती है। किसान सम्मान निधि में सरकार 6000 दे रही है।

वोट बैंक की राजनीति कर रही है भाजपा

भारतीय किसान यूनियन किसी राजनीतिक दल को समर्थन नहीं कर रहा है और 2024 के चुनाव में भी वह किसी को समर्थन नहीं करेगा। लेकिन किसानों की हित में बात करने वाले के साथ है। देश में इस समय कोई कानून नाम की चीज नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे देश में भाजपा सिर्फ वोट बैंक की राजनीति कर रही है। काम करना है, तो कर्ज मुक्त किसान और भगवान राम के पथ गमन वाले सभी क्षेत्र को नशा मुक्त क्षेत्र बनाने का काम करे।

व्हाट्सएप चैनल को सब्सक्राइब करें और लेटेस्ट खबरे देखे

Fatehpur News:नौकरी से हटाए जाने पर भड़के कंडक्‍टर ने एआरएम को दी धमकी ; महिला ने पैथोलॉजी संचालक पर लगाया रेप का आरोप

You may also like...